

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के कार्यालय में अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘चंद्रशेखर आजाद अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।

सभा को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विकास त्यागी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि आजाद ने अल्फ्रेड पार्क (प्रयागराज) में अंतिम सांस तक अंग्रेजों से संघर्ष किया, लेकिन आत्मसमर्पण नहीं किया। उनका साहस, आत्मसम्मान और देशभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विक्रांत पुंडीर ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ राष्ट्रनायकों के सम्मान को बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्की राज सैनी ने कहा कि हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह आजाद जैसे वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। वहीं सदस्य भूषण सिंघल ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने वास्तविक नायकों के संघर्ष को जानना और समझना चाहिए।
इस अवसर पर हार्दिक त्यागी, सौरभ त्यागी, विश्वजीत पवार, आशु शर्मा, सुरेंद्र कुमार, विनय कुमार सैनी, पवन त्यागी सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर महान क्रांतिकारी को नमन किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies