

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक की हल्की साइड लगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार चल गए। हमले में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक बाइक से जा रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे को हल्की साइड लग गई। युवक मौके से अपने घर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद बच्चे के पक्ष के लोगों ने कथित रूप से धारदार हथियारों के साथ बाइक सवार युवक के घर पर हमला बोल दिया।

हमले में नादिर, नासिर, भूरा और अजमल घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अस्पताल परिसर में भी एहतियातन पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies