
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ट्रक चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया है।

बीते रोज वादी सतीश कुमार पुत्र स्व. कलीराम, निवासी हबीबपुर निवादा थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार (हाल निवासी सलेमपुर) द्वारा थाना गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि रात्रि में उनका 6 टायरा ट्रक संख्या चोरी हो गया है। तहरीर के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक द्वारा टीम गठित कर ट्रक की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल लाल सिंह व कांस्टेबल पवन ने सालियर अंडरपास क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 6 टायरा ट्रक बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर संबंधित धारा बढ़ोत्तरी की गई। आरोपी का नाम विजय कुमार पुत्र विपिन कुमार, निवासी कुमराड़ी मस्जिद के पास, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष बताया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव,उप निरीक्षक पंकज कुमार,हेड कांस्टेबल इसरार अली,कांस्टेबल नितिन, लाल सिंह और पवन शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies