दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। तहसील रुड़की क्षेत्र के ग्राम किशनपुर जमालपुर (थाना भगवानपुर) में अवैध रेत खनन के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाकियू क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल तथा नायब तहसीलदार यूसुफ अली को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले काफी समय से गांव में कुछ लोग नदी में लगभग 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और एक जेसीबी मशीन की मदद से दिन-रात अवैध खनन कर रहे हैं। खनन की गई रेत को ओवरलोड वाहनों में भरकर गांव के बीच से ले जाया जा रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से आमजन, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताया गया है।मौके पर पहुंचे हरजौली जट्ट गांव के ग्रामीणों ने भी धड़ल्ले से अवैध खनन होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से खनन माफिया बेखौफ होकर दिन-रात ओवरलोड वाहन दौड़ा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।शिकायत में यह भी कहा गया कि अवैध खनन से नदी का स्वरूप बदल रहा है और आसपास के खेतों की मिट्टी कटने का खतरा बढ़ गया है। बरसात के समय किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
भाकियू क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। वहीं अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस अवसर पर कुलदीप सैनी,देशराज,प्रदीप कुमार,अनिल कुमार,अमित सतीश,भारतवीर,अंकित, बंटी,सौरभ,महेश कुमार,संदीप सैनी,रमेशचंद आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies