रुड़की/मंगलौर। नहर पटरी मार्ग पर हुए ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्रेसवार्ता कर पूरी घटना का पर्दाफाश किया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, लूटी गई 20 हजार रुपये की नगदी तथा खून से सनी जैकेट बरामद की है। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹5000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनायक त्यागी (उम्र 26 वर्ष) निवासी सराय ज्वालापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीने के दौरान उसे पता चला कि मृतक के पास नकदी है। पैसों के लालच में उसने पहले गला दबाकर नीचे गिराया और फिर पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई धनराशि बरामद कर ली है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर केस का शीघ्र खुलासा पुलिस टीम की सतर्कता और समन्वय का परिणाम है। उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को 5000 के इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह,वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला,उप निरीक्षक प्रवीण बिष्ट,अशोक सिरसवाल,श्यामबाबू,हैड कांस्टेबल माजिद खान,अमित शर्मा, अरुण चमोली और
सीआईयू टीम में उपनिरीक्षक संजय पुनिया,अपर उप निरीक्षक अश्वनी यादव, मनमोहन भण्डारी, कांस्टेबल महीपाल तोमर, राहुल,अजय काला और उदेत शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies