दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। पिरान कलियर में उत्तराखंड राज्य हज कमेटी के दोबारा अध्यक्ष बनने के बाद खतीब अहमद मलिक का शुक्रवार को पिरान कलियर पहुचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान और हज अधिकारी मो. अहसान सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
इसके पश्चात खतीब अहमद मलिक ने दरगाह साबिर पाक में हाजिरी दी और देश व प्रदेश में खुशहाली, तरक्की तथा अमन-ओ-अमान के लिए दुआ मांगी।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन मंत्री अजय कुमार समेत शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन ने उन पर जो दोबारा विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पिछली बार की कमियों को दूर करते हुए इस बार यात्रा को और अधिक सुगम व व्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हज 2026 में यात्रियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।इस अवसर पर अकरम साबरी, अजहर प्रधान, बहरोज आलम प्रधान, हाजी सईद हसन, हसीन मलिक, राशिद अली, अमजद मलिक, समीर मलिक, गुलजार चौधरी, तौफीक, शहजाद, तसव्वुर, खालिद साबरी सहित हज कमेटी स्टाफ से इजहार, शाहिद, अब्दुल कादिर और रफत अली आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि खतीब अहमद मलिक को पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जा चुके हैं। वे पूर्व उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) आईटीआई उत्तराखंड, पूर्व अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) उत्तराखंड मदरसा बोर्ड (टास्क फोर्स) रह चुके हैं और अब दूसरी बार उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies