दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) द्वारा “एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) योजना” के अंतर्गत इंडस्ट्री–अकादमिक इंटरफेस पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अजीत सिंहवी इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसरशिप के तत्वावधान में 09 फरवरी 2026 को भगवानपुर, जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी रुड़की के डिज़ाइन विभाग, विकास एवं सुविधा कार्यालय (डीएफओ-एमएसएमई) हल्द्वानी, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (एसएमएयू) रुड़की चैप्टर तथा इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) रुड़की चैप्टर के सहयोग से किया गया।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारतीय विनिर्माण क्षेत्र और डिज़ाइन विशेषज्ञता को एक साझा मंच पर लाना है। योजना के तहत अनुभवी डिज़ाइनरों द्वारा उद्योगों की वास्तविक समय की डिज़ाइन समस्याओं का किफायती समाधान, नए उत्पादों का विकास, सतत सुधार और उत्पादों में मूल्य संवर्धन के लिए विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. इंदरदीप सिंह, अधिष्ठाता (इन्फ्रास्ट्रक्चर) एवं समन्वयक, डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर, आईआईटी रुड़की द्वारा किया गया। उन्होंने एमएसएमई इकाइयों से आए प्रतिभागियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, डिज़ाइन विभाग के अध्यक्ष प्रो. अपूर्ब्बा कुमार शर्मा ने “उद्यमों को उच्च प्रतिस्पर्धात्मकता, लाभप्रदता एवं स्थिरता की दिशा में प्रबंधित एवं रूपांतरित करना” विषय पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में एसएमएयू रुड़की चैप्टर के अध्यक्ष अजय दिगंबर जैन, आईआईए रुड़की चैप्टर के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, एसएमएयू के सचिव अमित गोयल एवं कोषाध्यक्ष आकाश सोनी, आईआईए के सचिव प्रेम सिंह, संयुक्त सचिव दीप मणि मिश्रा, कोषाध्यक्ष सुन्दरम और कार्यालय प्रभारी ज़ुबेर अहमद सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रीय उद्योगों एवं एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और चर्चा से लाभान्वित हुए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies