News

18-02-2026 18:15:09

*मनसा देवी मंदिर क्षेत्र में वनाग्नि पर काबू का मॉक अभ्यास,1 घंटा 45 मिनट में स्थिति नियंत्रित...

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


हरिद्वार।।वन संपदा को वनाग्नि से सुरक्षित रखने और आगामी फायर सीजन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार को मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में आपदा प्रबंधन, वन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन समेत कुल 11 विभागों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

सुबह 10:30 बजे आपदा कंट्रोल रूम को मनसा देवी पहाड़ी पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और त्वरित राहत एवं बचाव के निर्देश जारी किए गए। आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण की कार्रवाई शुरू की तथा आग की चपेट में आए तीन व्यक्तियों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

तीन घायल, एक को हायर सेंटर रेफर

अभ्यास के दौरान दर्शाया गया कि वनाग्नि में तीन लोग झुलस गए। रेस्क्यू टीम ने सभी को पहाड़ी क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय भिजवाया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया।

इसके अतिरिक्त आग की चपेट में आए एक चीतल शावक को भी सुरक्षित निकालकर चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।

दो दिवसीय विशेष अभ्यास कार्यक्रम

यह मॉक ड्रिल दो दिवसीय विशेष अभ्यास कार्यक्रम का हिस्सा थी। प्रथम चरण में 17 फरवरी को राजाजी टाइगर रिजर्व के रानीपुर वन विश्राम गृह में ‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’ आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संभावित आपात स्थितियों से निपटने की रणनीति पर चर्चा की।

द्वितीय चरण में 18 फरवरी को चुनौतीपूर्ण वन क्षेत्र में ‘फायर मॉक ड्रिल’ के माध्यम से जमीनी स्तर पर तैयारियों की परख की गई। मात्र पांच मिनट के भीतर टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई और 1 घंटा 45 मिनट में वनाग्नि पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया गया।

व्यापक विभागीय समन्वय

अभ्यास में राजाजी पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, एसडीओ वन विभाग पूनम कैथोला, एसडीओ वन विभाग ज्वाला प्रसाद गौड सहित स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, जिला पूर्ति विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies