दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। एस.एस.डी.पी.सी. गर्ल्स (पीजी) कॉलेज, रुड़की में आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वार्षिकोत्सव, पत्रिका विमोचन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह गांधी (अध्यक्ष, राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण, उत्तराखंड) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय पत्रिका “अपराजिता” (महिला स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विशेषांक-2025) का विमोचन किया गया। पत्रिका का संपादन डॉ. अंजना आहूजा ने किया है। 25वें अंक के रूप में प्रकाशित इस विशेषांक में प्राध्यापकों एवं छात्राओं के महिला स्वास्थ्य और सुरक्षा से संबंधित ज्ञानवर्धक लेख व अन्य सामग्री शामिल की गई है, जो समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने लोकनृत्य, गढ़वाली जागर, एकल व समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही छात्राओं द्वारा तैयार नृत्य एवं कला प्रदर्शनियों ने भी खूब सराहना बटोरी।
मुख्य अतिथि मंजुला सिंह गांधी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उनके पास नवीन विचार और रचनात्मकता है तो सफलता निश्चित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करती है। पुरस्कार प्राप्त करना उपलब्धि है, लेकिन उत्कृष्टता को जीवन भर बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने छात्राओं को “राष्ट्र के निर्माता” बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का समावेश ही वास्तविक प्रगति का मार्ग है।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies