News

2/16/2026 1:31:37 PM

आईआईटी के छात्र की तलाश में गंगनहर में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन-एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं..

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। 11 फरवरी को IIT Roorkee के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र के गंगनहर में डूबने की घटना के बाद से जारी तलाश एक सप्ताह बाद भी जारी है। छात्र का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। इस दौरान दो बार नहर का पानी बंद किया जा चुका है और आज फिर बड़े स्तर पर संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

सोमवार को नहर का पानी दोबारा बंद कर बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप के जवान, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन और जल पुलिस की टीमें मौके पर उतरीं। करीब 20 प्रोफेशनल गोताखोरों को भी विशेष रूप से बुलाया गया है, जिनमें देश के मशहूर गोताखोर शामिल बताए जा रहे हैं। कुल मिलाकर लगभग 100 सदस्यीय टीम गंगनहर को बाल्मीकि घाट से आसफनगर झाल तक खंगालने में जुटी है। नहर के चप्पे-चप्पे की अलग-अलग तकनीकों से सघन तलाशी ली जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में नहर में डूबने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। सामान्य मामलों में जल पुलिस या एसडीआरएफ की सीमित टीम लगाई जाती है और कभी-कभार पानी का स्तर कम किया जाता है, लेकिन इस तरह दो बार नहर बंद कर इतने बड़े स्तर पर संयुक्त अभियान चलाया जाना अभूतपूर्व माना जा रहा है।


एक अज्ञात शव बरामद..


सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को नहर से एक शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। उसकी अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।इधर छात्र के परिजन और सहपाठी लगातार घटनास्थल पर डटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक छात्र का पता नहीं चल जाता, अभियान जारी रहेगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies