दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पुरानी तहसील स्थित कश्यप धर्मशाला में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। युवा समाजसेवी अंकुश राज ने इस अवसर पर सेवा और समर्पण का संदेश देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, महापौर अनीता अग्रवाल तथा उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सचिन गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, फोनिक्स ग्रुप के अध्यक्ष चैरब जैन, भाजपा नेता सुशील त्यागी, व्यापारी नेता अरविंद कश्यप, सोनू गोयल, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) शोभाराम प्रजापति, राज्य मंत्री दर्जा श्यामवीर सैनी, भारतीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अंकुश राज द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़ा यह आयोजन निस्संदेह प्रेरणादायक है।शिविर में मैक्स हॉस्पिटल एवं हंसराज हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सैकड़ों लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण,ब्लड शुगर जांच,बाल रोग विशेषज्ञ परामर्श,दंत चिकित्सा जांच,सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण,
निःशुल्क दवा वितरण की समुचित व्यवस्था की गई। रक्तदान शिविर का आयोजन जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 20 यूनिट रक्तदान एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर अंकुश राज ने कुष्ठ आश्रम एवं भगवान शिव मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा जरूरतमंदों को दान सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में आचार्य रमेश सेमल ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और सामाजिक सेवा को साथ लेकर चलने वाले युवाओं को समाज का पूर्ण समर्थन मिलना चाहिए।अंकुश राज ने रुड़की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बिजौली गांव की गौशाला को घास काटने की मशीन भेंट की, जिससे गौसेवा कार्य को नई गति मिलेगी।शिविर में महिलाओं और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। दिनभर मरीजों की भीड़ लगी रही और चिकित्सकों ने व्यवस्थित रूप से जांच एवं परामर्श प्रदान किया।
सभी आगंतुकों को प्रसाद स्वरूप फल एवं मिठाई भी वितरित की गई।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण बनकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies