दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। क्वांटम के विधि विभाग द्वारा 14 फरवरी 2026 को धर्मशीला हॉल में एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था — “शेपिंग योर लीगल करियर: कोर्ट, कॉर्पोरेट एंड बियॉन्ड”। इस अवसर पर सहारनपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमित गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई। स्वागत एवं परिचय सत्र के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमित गुप्ता ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि कानून का क्षेत्र केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉर्पोरेट कंपनियों, विधिक परामर्श, नीति निर्माण, अकादमिक क्षेत्र और वैकल्पिक विवाद समाधान जैसे अनेक क्षेत्रों में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर समय रहते गंभीर तैयारी शुरू करने की सलाह दी।व्याख्यान का प्रमुख भाग न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी पर केंद्रित रहा। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
साथ ही संविधान, सिविल प्रक्रिया संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और अनुबंध अधिनियम जैसे विषयों की गहन समझ को सफलता की आधारशिला बताया। उनका कहना था कि केवल रटने से नहीं, बल्कि विषय की स्पष्ट समझ और न्यायिक दृष्टिकोण विकसित करने से सफलता मिलती है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि तैयारी के दौरान समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायिक अधिकारी बनने के लिए निष्पक्षता, तार्किक सोच और संतुलित निर्णय क्षमता का विकास जरूरी है। वर्तमान कानूनी परिवर्तनों और न्यायिक प्रणाली की चुनौतियों पर भी उन्होंने विद्यार्थियों को अवगत कराया।
प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप, अध्ययन सामग्री, न्यायिक सेवा और कॉर्पोरेट क्षेत्र के बीच चयन जैसे विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से समाधान प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान करना था। सत्र के समापन पर विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। उन्होंने महसूस किया कि सही दिशा, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ विधि के क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर बनाया जा सकता है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies