दैनिक रुड़की ब्यूरो::
देहरादून। सख्त नकल विरोधी कानून के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने परीक्षा के दौरान नकल करा रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को विभिन्न राज्यों के परीक्षा केंद्रों पर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन, एम.के.पी. इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एसटीएफ ने गोपनीय सूचना के आधार पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान परीक्षा केंद्र से 02 लैपटॉप मय राउटर बरामद किए गए, जिन्हें स्वचालित रूप से रिमोट के जरिए संचालित किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि इन लैपटॉप के माध्यम से प्रश्न पत्रों को हल कर अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी। अभियुक्त अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन देकर उनसे 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
एसटीएफ ने आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार राज्य में नकल माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies