दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। जिले के राजकीय फार्मेसी अधिकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। संघ के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार और जिला मंत्री एस. पी. बडोला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह से शिष्टाचार भेंट कर लंबित मामलों पर समाधान की मांग उठाई।

इस दौरान फार्मेसी अधिकारियों ने सेवा संबंधी विसंगतियों के निस्तारण, लंबित बिलों के शीघ्र भुगतान तथा अस्पतालों में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए फार्मेसी अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने और नए पद सृजित करने की मांग प्रमुखता से रखी। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में स्टाफ की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।मु
ख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि लंबित बिलों और सेवा संबंधी विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही पदों में वृद्धि के प्रस्ताव को महानिदेशक कार्यालय भेजने पर सहमति बनी, ताकि शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त की जा सके।
डॉ. सिंह ने सरकारी चिकित्सालयों में कार्यरत फार्मेसी अधिकारियों और मुख्य फार्मेसी अधिकारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।बैठक के अंत में संघ पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ कोषाध्यक्ष विपिन वर्मा, प्रीति अस्थाना, उमेश मैठाणी, बिंदु गुप्ता, संजीव चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies