दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक युवक का बंदूक से फायरिंग करता वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। वीडियो के आधार पर युवक की तलाश करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जांच के दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक असल में एयरगन थी। युवक ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के उद्देश्य से एयरगन के साथ वीडियो बनाकर प्रसारित किया था।
पुलिस ने आरोपी अयान पुत्र नौशाद, निवासी ग्राम माधोपुर, कोतवाली गंगनहर, उम्र 22 वर्ष के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा और सख्त लहजे में भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या दहशत फैलाने वाली गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies