दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रामनगर चौक पर रखे गए पुलिस बूथ पर लगे विज्ञापन को लेकर दैनिक रुड़की की खबर वायरल होने के बाद नगर निगम हरकत में आया। खबर के वायरल होते ही रुड़की नगर निगम ने संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस बूथ पर लगे विज्ञापन को हटवा दिया।
नगर निगम की इस कार्रवाई को वायरल खबर के प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, विज्ञापन हटाए जाने के बावजूद पुलिस बूथ अब भी मौके पर यथावत रखा हुआ है, जिससे क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस संबंध में जब दैनिक रुड़की के संवाददाता ने नगर निगम के कर अधीक्षक एस.पी. गुप्ता से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व एसपी देहात के अनुरोध पर उक्त पुलिस बूथ वहां स्थापित किया गया था। उनके अनुसार, पुलिसकर्मी दिन-रात उक्त बूथ पर बैठकर चेकिंग का कार्य करते हैं।
इसके बावजूद यह प्रश्न बना हुआ है कि नगर निगम क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणों पर कार्रवाई के बीच इस मामले की वैधानिक स्थिति क्या है। नगर निगम की भूमि पर किसी भी संरचना को रखने की अनुमति, समयावधि और नियमों को लेकर पारदर्शिता आवश्यक मानी जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को इस विषय में स्पष्ट और सार्वजनिक रुख अपनाना चाहिए, ताकि नियमों का समान रूप से पालन सुनिश्चित हो सके।अब देखना यह होगा कि नगर निगम पुलिस बूथ के संबंध में आगे क्या निर्णय लेता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies