दैनिक रुड़की ब्यूरो::
रुड़की। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण एक ओर अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भू-माफिया आधे-अधूरे लेआउट के सहारे बड़े पैमाने पर अवैध कॉलोनियां काटने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने जमीन के बड़े हिस्से में से केवल थोड़े भाग का ही लेआउट पास कराया और शेष क्षेत्र में धड़ाधड़ प्लॉटिंग कर उन्हें बेच भी दिया।
मामला सालार हॉस्पिटल के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सबसे पहले रजवाहे के किनारे एक कॉलोनी विकसित की गई थी और अब उसके पीछे ही एक और बड़ी कॉलोनी काट दी गई है। हैरानी की बात यह है कि कॉलोनी को पूर्ण रूप से विकसित किए बिना ही प्लॉटों की बिक्री कर दी गई, जिससे खरीदारों के सामने भविष्य में मूलभूत सुविधाओं का संकट खड़ा हो सकता है।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, और यदि जानकारी है तो अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। विभाग की निष्क्रियता के चलते जहां कॉलोनी स्वामी मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, वहीं सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध कॉलोनियों पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में अव्यवस्थित विकास की समस्या और बढ़ सकती है। अब देखना यह होगा कि हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies