
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। ग्राम शेरपुर खेलमऊ में जिला पंचायत द्वारा कराए गए बाबा साहब भीमराव अंबेडकर छतरी निर्माण कार्य का उद्घाटन एवं अम्बेडकर पार्क के सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास जिला पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों में सड़क, नाली, पार्क, विद्यालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा रहा है।
उन्होंने अपने प्रमुख संबोधन में कहा कि जिला पंचायत सदस्यों द्वारा लाए गए जनहित के प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर बोर्ड में स्वीकृत कराकर समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाता है। शेरपुर खेलमऊ में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क का निर्माण तथा अंबेडकर प्रतिमा पर छतरी निर्माण कार्य सामाजिक सम्मान और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिले में विकास कार्यों की गति लगातार बनी हुई है और किसी भी स्तर पर विकास को रुकने नहीं दिया जाएगा। सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों के निर्माण और सौंदर्यकरण के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए जिला पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, जिला पंचायत सदस्य अंशुल चौधरी, भूषण प्रधान, बृजमोहन त्यागी, ईश्वर त्यागी, राहुल झबरेड़ी, अतर सिंह, पाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies