दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।ग्राम गदरजुड़्दा के एक होनहार युवक की रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में बीती रात हुई आकस्मिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। यह घटना न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। युवक की असमय मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन बेसुध हो गए, वहीं ग्रामवासियों ने औद्योगिक क्षेत्र के बाहर एकत्र होकर न्याय एवं सहायता की मांग को लेकर धरना प्रारंभ कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आज दोपहर बाद झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति धरना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी पीड़ा को सुना। विधायक के नेतृत्व में कंपनी प्रबंधन के साथ विस्तृत वार्ता हुई, जिसमें मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। विधायक के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया गया।
इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि “एक युवा की मृत्यु केवल एक घटना नहीं है, बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों का टूट जाना है। किसी भी परिस्थिति में इस क्षति की भरपाई संभव नहीं है। आर्थिक सहायता केवल संवेदना का एक छोटा प्रयास है, इससे उस माता-पिता का दर्द कम नहीं हो सकता जिन्होंने अपना बेटा खो दिया।”

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और भविष्य में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।विधायक ने कंपनी प्रबंधन को श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल की व्यवस्थाओं और मानवीय जिम्मेदारियों के प्रति अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इ
स दुःखद अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies