News

2/10/2026 2:07:08 PM

दवाई कंपनी में 19 वर्षीय कर्मचारी की मौत, परिजनों और आजाद समाज पार्टी का धरना, जबरन काम कराने का आरोप

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दवाई कंपनी में कार्यरत 19 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर युवक से जबरन लगातार तीन दिन तक काम कराने और करंट लगने से मौत होने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी आरोप है कि घटना के करीब 12 घंटे बाद परिवार को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एंजिया आरएस नामक दवा कंपनी में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गदरजुड़ा निवासी 19 वर्षीय आदर्श कार्यरत था। परिजनों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से कंपनी अधिकारियों ने आदर्श को घर नहीं जाने दिया और काम पूरा करने का टारगेट देकर लगातार ड्यूटी कराई। सोमवार शाम काम के दौरान ही उसकी मौत हो गई, जिसकी सूचना कंपनी स्टाफ ने मंगलवार सुबह परिवार को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह के नेतृत्व में करीब 15–20 कार्यकर्ताओं के साथ फैक्ट्री पहुंचे और गेट पर तालाबंदी कर दी। महक सिंह ने आरोप लगाया कि युवक को फैक्ट्री में तीन दिनों तक बंधक बनाकर काम कराया गया, जिसके चलते उसकी जान चली गई।आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने कहा कि एक 19 वर्षीय युवक से अमानवीय तरीके से लगातार तीन दिनों तक काम कराया गया, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही के कारण युवक की करंट लगने से मौत हुई और परिजनों को समय पर सूचना तक नहीं दी गई। महक सिंह ने चेतावनी दी कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, घटना के बाद गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies