
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
लक्सर/खानपुर।खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने क्षेत्र में अवैध खनन और तेज रफ्तार डंपर वाहनों के अनियंत्रित संचालन के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मौके पर हस्तक्षेप करते हुए न केवल डंपर वाहनों को रोका, बल्कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा किया और सीधे तौर पर शासन-प्रशासन को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।
मंगलवार दोपहर दल्लावाला की ओर जाते समय लक्सर स्थित होली क्रॉस स्कूल के पास स्कूल की छुट्टी के समय बच्चे सड़क पर मौजूद थे, उसी दौरान भारी डंपर वाहन तेज गति से गुजर रहे थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने काफिले के साथ डंपर वाहनों को रुकवाया और चालकों को सख्त चेतावनी दी कि स्कूल समय में इस मार्ग से डंपरों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो उन्होंने अपनी गाड़ी में खड़े होकर रिकॉर्ड कराया, जिसमें वे अवैध खनन, तेज रफ्तार डंपरों और प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध खनन में लगे कई डंपर बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम और खनन नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने ऐसे वाहनों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेताया कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि विगत सप्ताह कुंवर रानी देवयानी के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अवैध खनन और डंपर वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग रखी गई थी, इसके बावजूद डंपरों का बेखौफ संचालन प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

कुंवर रानी देवयानी ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की जनसमस्याओं, विशेषकर अवैध खनन और यातायात सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को रखा। कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दो टूक कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर मौत का तांडव नहीं होने दिया जाएगा और इस मुद्दे को सड़क से लेकर शासन तक लगातार उठाया जाता रहेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies