दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।दैनिक रुड़की में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। नगर निगम की सरकारी ज़मीन पर बिना अनुमति और बिना टेंडर लगाए गए दो अवैध बूथों को निगम प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए हटवा दिया है।
बताया जा रहा है कि ये दोनों बूथ एक निजी विज्ञापन कंपनी द्वारा बिना किसी अनुमति, बिना टेंडर प्रक्रिया और बिना नगर निगम की जानकारी के लगाए गए थे। इनमें से एक बूथ सरकारी अस्पताल रुड़की के सामने तथा दूसरा गणेशपुर पुल के पास नगर निगम की भूमि पर स्थापित किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया से पहले ही यह कार्य शनिवार की रात चोरी-छिपे किया गया था, ताकि प्रशासन की नज़र से बचा जा सके। लेकिन दैनिक रुड़की द्वारा इस मामले को उजागर किए जाने के बाद नगर निगम हरकत में आया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि दैनिक रुड़की में प्रकाशित खबर के माध्यम से ही उन्हें इस अवैध गतिविधि की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइड्रा मशीन के माध्यम से दोनों बूथों को वहां से हटवा दिया गया।
साथ ही, बूथ लगाने वाली संबंधित विज्ञापन कंपनी के संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। नोटिस में पूछा गया है कि आखिर किसके आदेश पर और बिना नगर निगम की एनओसी के निगम की ज़मीन पर ये बूथ लगाए गए।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति नगर निगम की भूमि का उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies