
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। डबल फाटक मोहनपुरा के नजदीक स्थित मैदान में ढंडेरा स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित ढंडेरा सुपर कप सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदय सिंह पुंडीर द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि उदय सिंह पुंडीर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद प्रतीकात्मक रूप से चौका–छक्का लगाकर सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी रह चुके हैं और क्रिकेट उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि उनके जीवन में सड़क दुर्घटना न हुई होती, तो संभव है कि आज वे एक अच्छे क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में मैदान में सक्रिय होते अथवा उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन में सदस्य या पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे होते। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना की सीख दी है, जो जीवन के हर क्षेत्र में मार्गदर्शन करती है। पुंडीर ने टूर्नामेंट के आयोजक एवं संयोजक आकाश मधवाल की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि आकाश मधवाल स्वयं राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि खेल का अनुभव रखने वाले खिलाड़ी जब इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को मंच प्रदान करते हैं, तो इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि रुड़की क्षेत्र में युवाओं के लिए एक आधुनिक खेल स्टेडियम की व्यवस्था की जाए, ताकि खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास कर सकें और राज्य व देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर टूर्नामेंट के आयोजक एवं संयोजक आकाश मधवाल द्वारा मुख्य अतिथि उदय सिंह पुंडीर को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आकाश मधवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।सेमीफाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। दर्शकों की मौजूदगी से मैदान में उत्साह, जोश और खेल भावना का वातावरण बना रहा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies