News

2/8/2026 5:50:10 PM

देहरादून में भाजपा का भव्य सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम, रुड़की के कई जनप्रतिनिधि समर्थकों सहित पार्टी में शामिल...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, देहरादून में रूड़की विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक भव्य, अनुशासित एवं गरिमामयी सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रूड़की विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं फोनिक्स विश्वविद्यालय के चेयरमैन चेयरमैन जैन के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकासोन्मुख नीतियों से आज समाज का हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी सोच और सेवा आधारित राजनीति के कारण लगातार नए लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है।

भाजपा रूड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा आज आम जनता की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुभवी जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होगी तथा जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।

इसके उपरांत चेयरमैन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्थान की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भाजपा की नीतियाँ दूरगामी और प्रभावी सिद्ध हो रही हैं। जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि रूड़की विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए जनता के हित में निरंतर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम रूड़की के वर्तमान पार्षद मनोज कुमार, पूर्व पार्षद एवं महिला मोर्चा की पूर्व जिला महामंत्री श्रीमती हेमा बिष्ट, केएल डीएवी पीजी कॉलेज रुड़की के वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष सत्यम तथा सत्यम कॉलेज के निवर्तमान यू.आर. जुनैद मलिक ने अपने सैकड़ों समर्थकों एवं साथियों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बड़ी संख्या में लोगों के पार्टी से जुड़ने को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री नवनीत वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रूड़की दिनेश कौशिक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नवप्रवेशी सदस्यों का पार्टी नेतृत्व द्वारा पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम भाजपा संगठन के विस्तार और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies