News

2/8/2026 1:01:11 PM

सिडकुल पुलिस का बड़ा खुलासा::मुन्जाल शोवा के पीछे बना रखा था चोरी का अड्डा, 2 शातिर गिरफ्तार, 5 वाहन बरामद..

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपित मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे चोरी के वाहनों का अड्डा बनाकर उन्हें छिपाते थे।

पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बाइक और स्कूटी चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस टीम को प्रभावी अंकुश लगाने और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के अनुपालन में सिडकुल पुलिस ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण कर ‘क्राइम ग्राफ’ तैयार किया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। लगातार प्रयासों के बाद 8 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों आयुष (21) पुत्र गंगाराम और रोहित (19) पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया। उनके पास से डैन्सो चौक से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

कड़ी पूछताछ में दोनों ने चार अन्य वाहन चोरी कर मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे छिपाकर रखने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वहां दबिश देकर तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल पांच वाहन बरामद किए। इनमें से दो वाहनों के संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आयुष और रोहित पर वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।इस सफलता में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, संजय चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, संजय सिंह समेत सिडकुल थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies