दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान एवं “हरिद्वार स्वच्छ हो” संकल्प के अंतर्गत हरिद्वार जनपद में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता अभियान चलाया गया।
यह अभियान नहर किनारे स्थित रुड़की के सोलानी नदी पार्क गेट से प्रारंभ होकर मेवाड़ पुल तक संचालित किया गया।
इस स्वच्छता अभियान में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग / उत्तराखंड गंगा नहर सिंचाई विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मिलकर नहर किनारे फैले कूड़े-कचरे की सफाई की तथा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग रुड़की के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी एवं सहायक अभियंता अनुज सिंह ने अभियान की शुरुआत करते हुए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नहर किनारे कूड़ा न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शहर के बीच से होकर गुजरने वाली सोलानी नदी एवं गंगा नहर को स्वच्छ रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने अपने वक्तव्य में कहा कि,
“स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दिनचर्या का हिस्सा बननी चाहिए।
जब तक प्रत्येक नागरिक स्वयं जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक स्थायी स्वच्छता संभव नहीं है।
गंगा नहर एवं सोलानी नदी हमारी धरोहर हैं, इन्हें स्वच्छ रखना हम सभी का कर्तव्य है।
सिंचाई विभाग भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे स्वच्छता अभियानों को जारी रखेगा।”
मुख्यमंत्री के आह्वान पर पूरे जनपद में यह स्वच्छता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विकास त्यागी, सहायक अभियंता अर्जुन सिंह, अजय जैन, जूनियर इंजीनियर विष्णु धीमान, प्रशासनिक अधिकारी अमित कुमार बंसल सहित समस्त लिपिक संवर्ग एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “रुड़की स्वच्छ हो” अभियान के अंतर्गत यह संकल्प लिया कि इस प्रकार के स्वच्छता कार्यक्रम साप्ताहिक रूप से निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि गंगा नहर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखा जा सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies