दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।कलियर–सोहलपुर मार्ग पर खनन सामग्री (खनन एव मिट्टी) से भरे भारी डंपरों के दिन-रात अनियंत्रित आवागमन को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
शनिवार को क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल इन डंपरों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए डंपरो को रोककर विरोध भी दर्ज कराया।स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी डंपरों की लगातार आवाजाही से पूरे इलाके में जबरदस्त धूल उड़ रही है, जिससे दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है और आम नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है। उड़ती धूल के कारण सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन, एलर्जी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं सड़क पर गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की जान हर समय खतरे में बनी रहती है।सभासद राशिद साबरी,डॉक्टर शहजाद ,अमजद मलिक,दिलबाग,राशिद अली,इसरार शरीफ, नाज़िम अली, गुलजार चौधरी, राकिब आदि ने बताया कि डंपरों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलियर–सोहलपुर मार्ग घना रिहायशी क्षेत्र है और यह आम लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद तेज रफ्तार, ओवरलोड और लापरवाही से डंपर चलाए जा रहे हैं, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। आरोप लगाया कि भारी वाहनों के कारण सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि खनन सामग्री से भरे डंपरों का रूट तत्काल प्रभाव से बदलकर धनौरी रोड की ओर किया जाए और कलियर–सोहलपुर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जनहित और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies