दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
लक्सर। क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में गुरुवार तड़के एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा खुर्द के वर्तमान ग्राम प्रधान सहदेव परमार के चचेरे भाई नकुल परमार (28) पुत्र शक्ति सिंह ने सुबह अचानक अपने आप को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि नकुल का पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। इसी कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान था और डिप्रेशन में चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies