
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।बेडपुर क्षेत्र के किसानों ने सिल्वर क्राउन फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से निकलने वाले गंदे व जहरीले पानी से फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को शिकायत पत्र सौंपा है। किसानों ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

बेडपुर के किसान अहसान, दीपक कुमार, अनुज कुमार, अजय सैनी, राजेश कुमार, साजिद, गुलाम साबिर, नोशाद व इरफान ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को दिए गए पत्र में बताया कि सिल्वर क्राउन फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से निकलने वाला दूषित पानी उनके खेतों में जा रहा है। इससे फसलें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं और किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
किसानों का कहना है कि वे कई बार कंपनी के अधिकारियों से पानी की सप्लाई बंद करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया। आरोप है कि शिकायत के बाद प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच तो की लेकिन किसानों से कोई बातचीत नहीं की गई और न ही कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई।
किसानों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी कंपनी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नायब तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies