
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। महमूदपुर नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन ने लोगो की नींद उड़ा दी है। खनन माफियाओं द्वारा दिन-रात नदी को छलनी किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बने हुए हैं। इससे आक्रोशित स्थानीय लोगो ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को प्रार्थना पत्र सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कलियर महमूदपुर निवासी जिल्लू नम्बरदार ने पत्र के माध्यम से बताया कि रात के अंधेरे में डंपरों की कतार लगाकर नदी से अवैध खनन किया जा रहा है। कई बार स्थानीय लोगो द्वारा विरोध करने के बावजूद खनन माफिया बेखौफ होकर अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए हैं, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के कारण महमूदपुर नदी का प्राकृतिक प्रवाह बुरी तरह प्रभावित हो चुका है।
बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने पर आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। साथ ही खेतों की उपजाऊ जमीन का तेजी से कटाव होने की भी आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।आरोप हैं कि अवैध खनन से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि शासन-प्रशासन को भी राजस्व की भारी क्षति हो रही है। 
इसके बावजूद खनन माफियाओं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए तहसीदार एवं कलियर थाना प्रभारी को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध खनन पर लगाम लगाने में कितना गंभीर नजर आता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies