News

2/3/2026 9:20:46 PM

रुड़की में संत गुरु रविदास जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा-हजारों श्रद्धालु हुए शामिल..

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर की 15 से अधिक समितियों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर तथा स्वागत द्वार बनाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।

शोभायात्रा में संत रविदास के भजनों की गूंज सुनाई देती रही। भक्ति संगीत पर श्रद्धालु जमकर झूमे और संत के बताए समरसता, भाईचारे और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। शोभायात्रा को देखने के लिए शहर भर से लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।

इस आयोजन में रविदास धाम समिति चंद्रपुरी, पुरानी तहसील समिति, सुनहरा मंदिर समिति, पश्चिमी अंबर तालाब समिति सहित कई अन्य सामाजिक और धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। आकर्षक झांकियां, सजे हुए वाहन और संत रविदास के जीवन से जुड़े प्रसंग शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बने।

यात्रा बाजार, अनाज मंडी, चौक बाजार, नगर निगम, सिविल लाइंस और रोडवेज समेत कई प्रमुख स्थानों से होती हुई रविदास धाम घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां दलित नेता योगेश प्रमुख ने सभी समितियों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं तथा संत गुरु रविदास के आदर्शों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर कुलदीप कर्णवाल,डॉक्टर उमेश,प्रेम सिंह,भोपाल सिंह,एडवोकेट संजीव वर्मा,सोनू लाठी,चंद्रपाल,अनिल नौटियाल, सोहनवीर सिंह,सुनील,उपेंद्र,अश्वनी,बिट्टू आदि मौजूद रहे।


श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद


रुड़की। डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण समिति, हरिद्वार–रुड़की (उत्तराखंड) एवं अखिल भारतीय अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ, शाखा जनपद हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर अंबेडकर चौक पर प्रसाद वितरित किया गया। उनके द्वारा शोभायात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का समिति द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से प्रसाद स्वरूप हलवे का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और संत गुरु रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर प्रमुख रूप से अध्यक्ष मेघराज सिंह, सोमपाल सिंह, महामंत्री विनोद जयंत, कोषाध्यक्ष सोहनवीर सिंह, जगदीश प्रसाद, विनोद कुमार, मनपाल सिंह, शोभाराम, नायक सिंह, राजेंद्र प्रसाद, योगेश कुमार, ईश्वर सिंह, मांगेराम, नंदलाल, प्रेमचंद, सुरेंद्र सिंह, रकम सिंह, शिव प्रकाश एवं अरविंद कुमार उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies