News

2/3/2026 8:44:55 PM

रुड़की में सफाई व्यवस्था सुधार को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का निरीक्षण-7 फरवरी को चलेगा विशेष अभियान...

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की।शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने आज सिंचाई विभाग के अंतर्गत पंचशील मंदिर के सामने नीले पुल के समीप नहर किनारे स्थित कूड़ेदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नहर के आसपास फैली गंदगी पर गहरी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के समय सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि नहर में लगातार लोग कूड़ा डालते हैं। इसके अलावा आसपास के होटल एवं रेस्टोरेंटों से मांस-मछली के बचे हुए अवशेष भी यहां लाकर फेंके जाते हैं, जिससे गंभीर स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न हो रही है।

इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नगर निगम के कर्मचारियों एवं सफाई निरीक्षकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि नहर किनारे अवैध रूप से कूड़ा डालने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध संबंधित विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 7 फरवरी को एक बड़ा विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नहर किनारे स्थित कूड़ेदान को वहां से हटाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिंचाई विभाग के सहयोग से नहर किनारे बने साइकिल स्टैंड को हटाकर उसी स्थान पर एक सुंदर पार्क का निर्माण किया जाएगा। पार्क में स्थानीय नागरिकों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों के लिए झूले एवं खेल-कूद की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा केवल कूड़ेदान में ही डालें और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि नगर निगम क्षेत्र में कहीं कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है या कोई अन्य समस्या है, तो उसकी शिकायत तुरंत स्वास्थ्य विभाग अथवा नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर दर्ज कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies