News

1/9/2026 6:25:56 PM

ऋषिकेश::धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षात्मक कार्य, अस्थायी यातायात बंद की समय-सारणी जारी...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


रुड़की/नरेन्द्रनगर।सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधीन ऋषिकेश–धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–3 पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण सुरक्षात्मक उपचार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रशासन ने निर्धारित अवधि के लिए अस्थायी यातायात नियंत्रण की अनुमति प्रदान कर दी है। इस संबंध में अधीक्षक अभियंता (सिविल) एवं कमांडर कार्यालय द्वारा कार्यदायी संस्था को विधिवत पत्र जारी किया गया है।


जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–3 के लोकेशन– (ऋषिकेश–धरासू मार्ग) पर स्लोप स्केलिंग सहित अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपचार कार्य प्रस्तावित हैं। कार्य के दौरान अस्थायी खुदाई आवश्यक होने के कारण यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इसे लेकर तहसीलदार नरेन्द्रनगर की अध्यक्षता में पुलिस प्रशासन एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोतवाली नरेन्द्रनगर के प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। व्यापक विचार-विमर्श के बाद बगड़धार क्षेत्र, तहसील नरेन्द्रनगर अंतर्गत उक्त लोकेशन पर यातायात नियंत्रण का निर्णय लिया गया।प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 09 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 तक कुल 15 दिनों के लिए निर्धारित समय-सारणी के तहत मार्ग बंद व खुला रहेगा।


सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक बंद, 11:30 से 12:30 बजे तक खुला


12:30 से 01:30 बजे तक बंद, 01:30 से 02:15 बजे तक खुला


02:15 से 03:15 बजे तक बंद, 03:15 से 04:15 बजे तक खुला


04:15 से 05:30 बजे तक बंद, शाम 05:30 बजे से अगले दिन सुबह 10:30 बजे तक मार्ग खुला रहेगा


निर्धारित समय-सारणी के अनुसार मार्ग को बंद एवं पुनः खोला जाएगा, ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और कार्य सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके।इसके साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य अवधि के दौरान आपातकालीन सेवाओं को पूर्ण छूट दी जाएगी। एम्बुलेंस, शव वाहन, माननीय मंत्री, जिलाधिकारी एवं न्यायाधीश महोदय के वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एवं निर्बाध रूप से निकाला जाएगा। प्रशासन ने जनहित और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह अनुमति प्रदान की है तथा यात्रियों से अपील की है कि वे जारी समय-सारणी का पालन करें, संयम बरतें और वैकल्पिक व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, जिससे कार्य समय पर एवं सुरक्षित रूप से पूरा किया जा सके।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies